हिस्ट्रीशीटरों एवं बदमाशों पर रखें निगरानी, बड़वारा थाने पहुंचे कप्तान, फरियादियों से सद्व्यवहार करने की दी नसीहत

कटनी, यशभारत। जिले में हुए भीषण सडक़ हादसे के बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम बसाड़ी मोड़ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके की भौगोलिक स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए हादसे के संभावित कारणों का जायजा लिया। निरीक्षण के पश्चात एसपी बड़वारा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से अलग-अलग संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि लंबित अपराधों एवं धारा 173(8) के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा बदमाशों पर सतत निगरानी रखने के साथ सख्त कार्रवाई करें। बीसीएनबी एवं सभी रजिस्टरों का व्यवस्थित संधारण करें। उन्होंने फरियादियों और आगंतुकों से बेहतर संवाद स्थापित करने की हिदायत भी स्टाफ को दी। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर त्वरित समाधान करने, न्यायालयीन समंस एवं वारंट की अधिकतम तामीली सुनिश्चित कराने एवं थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस कर्मियों को समझाइश देते हुए उन्होंने कहा की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






