हर घर तक पहुंचेगी सोलर ऊर्जा, बिजली बचत के साथ प्रदूषण भी होगा कम , राकेश शुक्ला
Solar energy will reach every home, along with saving electricity, pollution will also be reduced, Rakesh Shukla

हर घर तक पहुंचेगी सोलर ऊर्जा, बिजली बचत के साथ प्रदूषण भी होगा कम , राकेश शुक्ला
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में हर घर की छत पर सोलर पैनल दिखाई देने चाहिए। सरकार का उद्देश्य लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है जिससे बिजली बिल कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। मंत्री शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश तेजी से ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के लाखों घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य करीब 6 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने में लगभग 1.75 लाख से 1.80 लाख रुपये तक का खर्च आता है जिस पर शासन द्वारा 75 से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही बैंकों के माध्यम से आसान फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। 3 किलो वाट का सोलर प्लांट प्रतिदिन 10 से 12 यूनिट बिजली उत्पादन करता है जिससे हर महीने 300 से 360 यूनिट तक बिजली तैयार हो सकती है। इससे घरेलू बिजली बिल लगभग समाप्त हो सकता है और 3 से 4 वर्षों में प्लांट की लागत भी निकल आती है। मंत्री शुक्ला ने कहा कि अब तक करीब 2 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और बड़ी संख्या में घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। सरकार ने डिजिटल एग्रीमेंट और ऑनलाइन प्रक्रिया लागू कर व्यवस्था को सरल बनाया है। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा बिजली बचत के साथ प्रदूषण कम करने का भी प्रभावी माध्यम है। यदि लोग अपने घरों में उत्पादित बिजली से ई वाहनों को चार्ज करें तो पेट्रोल डीजल की खपत में भी कमी आएगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की 50 प्रतिशत ऊर्जा जरूरत नवकरणीय ऊर्जा से पूरी करना है। इसके लिए शासकीय भवनों में भी सोलर रूफटॉप प्लांट लगाए जा रहे हैं। सरकार लोगों को जागरूक कर योजनाओं का लाभ घर घर तक पहुंचाने के प्रयास कर रही है।







