हरियाली के साथ विकास की नई पहल, विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण और निर्माण कार्यों की सौगात
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए गए पौधे, वार्ड को मिली 29.48 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

हरियाली के साथ विकास की नई पहल, विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण और निर्माण कार्यों की सौगात
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए गए पौधे, वार्ड को मिली 29.48 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कटनी,यशभारत। विश्व पर्यावरण दिवस पर बाबू जगमोहन दास वार्ड में विकास और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 29.48 लाख रुपये की लागत वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया, वहीं दूसरी ओर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प भी लिया गया।
गोवर्धन धाम कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में महापौर प्रीति सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य जयनारायण निषाद सहित जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और हरियाली बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर लगभग 13.66 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली तथा 15.82 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
महापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। शहर के विकास के साथ हरित वातावरण का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ नगर निगम विकास कार्यों के साथ पौधारोपण को भी प्राथमिकता दे रहा है।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य पार्षद व स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस दौरान
सभी ने स्वच्छ, हरित और विकसित कटनी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।






