सूने घर को बनाया निशाना, अब आरोपी सलाखों के पीछे, उमरियापान पुलिस ने पकड़ा शातिर चोर, जेवरात बरामद

कटनी, यशभारत। उमरियापान पुलिस ने ग्राम पकारिया में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि वर्षा लोधी निवासी पकारिया ने उमरियापान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अगस्त की दरमियानी रात किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर सोने चांदी के जेवरातों से भरी पेटी पार कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान प्रार्थिया ने अजीत उर्फ जित्तू कोल के उनके घर लगातार आने जाने की जानकारी देते हुए उस पर अपना संदेह व्यक्त किया। इस सुराग को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की और संदेही आरोपी अजीत कोल निवासी बरौदा को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने आरोपी से गहनता और कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरात बरामद कर लिए। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी अजीत कोल को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया है। वारदात का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, उप निरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, नीलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।






