सड़क हादसे ने छीनी सिर से ममता की छांव: चलती बाइक से गिरकर बुजुर्ग महिला की मौत, क्षेत्र में कोहराम

नरसिंहपुर। जिले में चलती बाइक से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुई 68 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतिका के बेटे भूरा यादव ने बताया कि उनकी मां रामकली बाई पति भागचंद यादव (68), निवासी उखरी, चीचली बाजार से बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बंदरबारू के पास अचानक वह बाइक से नीचे गिर गईं। हादसे में रामकली बाई को गंभीर चोटें आईं।
परिजन आनन-फानन में उन्हें गाडरवारा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रविवार रात ही जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह रामकली बाई की मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है, वहीं घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।







