छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में प्रदर्शन एआईडीवायओ ने उठाई मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने व एसआईआर पर रोक लगाने की मांग

छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में प्रदर्शन
एआईडीवायओ ने उठाई मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने व एसआईआर पर रोक लगाने की मांग
भोपाल यश भारत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन और छात्र आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी के विरोध में छात्र संगठन एआईडीएसओ तथा युवा संगठन एआईडीवायओ ने भोपाल के प्रभात चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर रोक लगाने और आंदोलनकारी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई बंद करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एआईडीवायओ के राज्य सचिव ने आरोप लगाया कि देशभर में शिक्षा रोजगार और मतदान जैसे लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आंदोलन के दौरान हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा छात्र और युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए विरोध जताया।
देशव्यापी आंदोलन तेज करने की अपील
एआईडीएसओ के भोपाल जिला सह सचिव ने कहा कि आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी और विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर आंदोलन को रोकने का प्रयास किया गया। संगठन ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार की रक्षा की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने देशभर के छात्र युवा संगठनों और सामाजिक संगठनों से एकजुट होकर विरोध आंदोलन तेज करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में संगठनों ने सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखने की बात कही।







