मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद भी पटवारियों की हड़ताल जारी
प्रदेशभर में बहाली और निलंबन आदेश वापस लेने की मांग पर अड़े

यश भारत, जबलपुर।
मुख्यमंत्री के साथ पटवारी संघ की उच्चस्तरीय चर्चा और भू-अधिकार पट्टों की रजिस्ट्री को लेकर चल रहे विवाद का पटाक्षेप होने के बावजूद, पटवारी अभी तक काम पर नहीं लौटे हैं। पटवारियों का कहना है कि जशपुर जिले में बर्खास्त किए गए पटवारियों की बहाली के आदेश तो जारी हो चुके हैं, लेकिन अन्य जिलों में अब तक निलंबन और बर्खास्तगी के आदेश वापस नहीं लिए गए हैं। जब तक पूरे प्रदेश में बर्खास्त और निलंबित पटवारियों को बहाल नहीं किया जाता, उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
कुण्डम चैट विवाद पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
दूसरी ओर, कुण्डम मामले में चैट वायरल होने को लेकर उपजे विवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला कलेक्टर ने वहाँ के एसडीएम और तहसीलदार को हटा दिया है। हालाँकि इसे प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया गया बदलाव बताया जा रहा है, लेकिन पटवारियों का स्पष्ट मानना है कि यह उनके द्वारा बनाए गए दबाव का परिणाम है।
सोमवार को भी ठप रहा कामकाज
बीती 8 तारीख से लगातार सामूहिक अवकाश और हड़ताल पर चल रहे पटवारियों के सोमवार को काम पर लौटने की पूरी उम्मीद जताई जा रही थी। परंतु, अन्य जिलों में निलंबन और कार्रवाई के आदेश वापस न लिए जाने के कारण पटवारियों ने आज सोमवार को भी कामकाज का बहिष्कार जारी रखा है। इससे आम जनता के प्रशासनिक और राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।







