संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की फंदे पर झूलने से मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

जबलपुर यश भारत । कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत टीवी टावर, मोदीवाड़ा के पास स्थित बांगड़ी मोहल्ले में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति पर शराब पीकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है।
लव मैरिज के बाद से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, बांगड़ी मोहल्ला निवासी रितु 25 वर्ष का विवाह करीब पांच साल पहले पड़ोस में ही रहने वाले अतुल पासी 27 वर्ष के साथ प्रेम विवाह हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अतुल शराब पीने का आदी हो गया था और अक्सर रितु के साथ मारपीट व विवाद करता था। प्रताड़ना से तंग आकर रितु दो बार अपने मायके भी आकर रही, जहां हर बार उसका पति और ननद हाथ जोड़कर व समझा-बुझाकर उसे वापस ससुराल ले जाते थे।
दोपहर में पति ने फोन कर दी सूचना
मृतका के भाई ने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे अतुल ने उनकी चाची को फोन कर सूचना दी कि रितु ने फांसी लगा ली है। जब परिजन भागकर मौके पर पहुंचे, तो कमरा खुला हुआ था और पति शव को पकड़े हुए था। आनन-फानन में रितु को फंदे से उतारकर पहले कैंटोनमेंट अस्पताल और फिर विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला बेहद संदेहास्पद बना हुआ है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना के कारण ही यह कदम उठाया गया है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि सच सामने आ सके। कैंट थाना पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।






