शेयर मार्केट के नाम पर 3 करोड़ की ठगी करने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार, रिटर्न का झांसा देकर लगाई करोड़ों की चपत, पुलिस ने खमरिया से दबोचा शातिर जालसाज

जबलपुर। शहर के एक डॉक्टर से शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर 3 करोड़ 4 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में शामिल दूसरे आरोपी को धर दबोचा है।जानकारी अनुसार एक डॉक्टर को शेयर बाजार में प्रतिदिन 5 प्रतिशत और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक रिटर्न का झूठा झांसा दिया गया था। इस झांसे में आकर डॉक्टर ने कुल 3 करोड़ 4 लाख रुपये इन्वेस्ट किए, जिसके बाद उनके साथ धोखाधड़ी की गई। इस संबंध में थाना साइबर सेल में अपराध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी संस्कार केशरवानी से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस ने सौरभ विश्वकर्मा उर्फ राहुल (25 वर्ष), निवासी खमरिया को गिरफ्तार किया है।
शातिर तरीके से करते थे ठगी -पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सौरभ बेहद शातिर तरीके से काम करता था। वह लोगों के नाम पर करंट और कॉरपोरेट बैंक अकाउंट खुलवाता था। इन खातों की जानकारी वह टेलीग्राम के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर के साइबर ठगों को भेजता था। इन खातों का उपयोग ठगी की रकम को खपाने में किया जाता था, जिसके बदले आरोपी को मोटा कमीशन मिलता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।






