शहर में गूंजे जयकारे, प्रकाश पर्व पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सरपरस्ती और पंच प्यारों की अगुवाई में निकली भव्य शोभायात्रा, सजी-धजी पालकी साहिब के दर्शनों के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कटनी, यशभारत। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आज शनिवार को कटनी नगर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आई। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को गुरुमय कर दिया। शहर के प्रमुख मार्गों पर गूंजते गुरुवाणी के मधुर कीर्तन और ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था के आगे फीकी नजर आई। हजारों की संख्या में संगत ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
बरही रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन सरपरस्ती और पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में आकर्षक फूलों और विद्युत झालरों से सुसज्जित पालकी साहिब विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी साहिब के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालु हाथ जोड़कर खड़े रहे। रागी जसवंत सिंह एवं उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत गुरुवाणी और शबद कीर्तन ने संगत को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।
शहर के प्रमुख मार्गों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ हुई शोभायात्रा ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए हीरागंज, गर्ग चौराहा, घंटाघर, झंडा बाजार, शेर चौक, आजाद चौक, मिशन चौक और सुभाष चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। शोभायात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने पुष्पवर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे मार्ग में सेवा और समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
शोभायात्रा में सिख समाज के युवाओं ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज प्रदर्शन प्रस्तुत कर लोगों को आकर्षित किया। युवाओं का अनुशासन, उत्साह और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण देखते ही बन रहा था। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह सेवा कार्यों में जुटे समाज के लोगों ने गुरु नानक देव जी की मानवता, समानता और सेवा की शिक्षाओं को साकार किया।
आतिशबाजी के साथ गुरुद्वारा साहिब में हुआ समापन
शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा पुनः बरही रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंची, जहां भव्य आतिशबाजी के साथ इसका समापन हुआ। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता की अनुपम झलक देखने को मिली। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली इस शोभायात्रा ने उनके महान संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ को जन-जन तक पहुंचाया। ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और मिल-बांटकर खाने की सीख देने वाली गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
शोभायात्रा में चरण सिंह खुराना, तेजपाल सिंह भाटिया, अवतार सिंह टुटेजा, सोनू खुराना, सतवीर सिंह भाटिया, जसप्रीत सिंह लांबा, बाबू ग्रोवर, पार्षद मौसूफ अहमद, बिट्टू, इकबाल सलूजा, अमनदीप सिंह भाटिया, रिंकी खालसा, लकी खालसा, संतोख सिंह भट्टी, नीटू नारंग, हरप्रीत सिंह ग्रोवर, जसपाल सिंह मठारू, हरभजन सिंह खालसा, अनुज आनंद, अरुण चक्रवर्ती, रवि गंगवानी, भीषम चेलानी और आकाश लालवानी सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल रहे।






