शराब दुकानों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई : 6 लाइसेंस निलंबित, 5 दुकानों पर 7.11 लाख का जुर्माना

दमोह। जिले में अवैध शराब बिक्री और मदिरा दुकानों के संचालन में अनियमितताओं के खिलाफ कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर 6 मदिरा दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि 5 दुकानों पर कुल ₹7,11,906 का अर्थदंड लगाया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि गांवों में अवैध शराब बिक्री से युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को देखते हुए मदिरा दुकानों की जांच कराई गई थी। जांच में कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
इन दुकानों के लाइसेंस निलंबित
हटा-सी
नरसिंहगढ़
तेंदूखेड़ा-ए
गुबरा-ए
जबेरा-ए
पथरिया-ए
इन दुकानों पर लगा जुर्माना
कांटी
जबेरा-ए
जबेरा-बी
गुबरा-ए
नरसिंहगढ़
इन पांच दुकानों पर कुल ₹7,11,906 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि संबंधित दुकानों को सील करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है और नियमानुसार सभी दुकानों को सील किया जा रहा है। उन्होंने सभी लाइसेंसधारियों को निर्देश दिए हैं कि मदिरा दुकानों का संचालन केवल स्वीकृत स्थान पर ही करें तथा शासन के सभी नियमों और शर्तों का कड़ाई से पालन करें।
- कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






