कटनी

शराब ठेकेदार की मनमानी, प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर बेच रहे शराब, ग्राहकों की जेब पर डाल रहे डाका, एक बोतल पर 40 रुपये की अवैध वसूली

कटनी/रैपुरा, यशभारत। रैपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली शराब दुकानों पर इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों से खुलेआम लूट की जा रही है। ताजा मामला रैपुरा की रिफ्रेश शराब दुकान से सामने आया है जहां प्रिंट रेट तय मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। प्रशासनिक अनदेखी के चलते आबकारी विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शराब ठेकेदार और उनके करिंदे ग्राहकों की जेब पर सरेआम डाका डाल रहे हैं। जानकारी के अनुसार रैपुरा शराब दुकान पर शराब लेने पहुंचे दो जागरूक ग्राहकों ने इस अवैध वसूली का कड़ा विरोध करते हुए आपाधापी की स्थिति की ओर इशारा किया है। पीड़ित ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने दुकान से दो बोतल बीयर खरीदी थी। उन बोतलों पर अंकित प्रिंट रेट 230 रूपए था लेकिन जब पैसे देने की बारी आईए तो सेल्समैन ने जबरन उनसे प्रति बोतल 270 रूपए वसूल किए। एक बोतल पर सीधे 40 अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। जब हमने एमआरपी को लेकर आपत्ति जताई तो दुकानदार का रवैया बेहद अडिय़ल था।
किसकी शह पर चल रहा ओवररेटिंग का खेल
अब स्थानीय जनता और सजग नागरिकों के बीच यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आखिर किसकी शह पर रैपुरा में प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही है। क्या स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग को इस अवैध वसूली की भनक नहीं है, या फिर जानबूझकर इस पूरे खेल से आंखें मूंद ली गई हैं। दिनदहाड़े हो रही इस ओवररेटिंग से न केवल शासन के नियमों का माखौल उड़ रहा है, बल्कि क्षेत्र के आम उपभोक्ताओं का भी आर्थिक शोषण हो रहा है। ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन व आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए। रैपुरा की इस रिफ्रेश शराब दुकान पर तत्काल औचक निरीक्षण कर जांच की जाए और प्रिंट रेट से अधिक पैसे वसूलने वाले ठेकेदार व सेल्समैन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस लूट पर लगाम लग सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button