दमोह। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला दमोह के व्यापारी राजा सिंधी से जुड़ा है, जिनके साथ कट्टे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। यह घटना कुमैरिया–परसोरिया मार्ग के पास उस समय हुई, जब व्यापारी गढ़ाकोटा से वसूली कर टू-व्हीलर से दमोह लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को रोककर कट्टा अड़ा दिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक एवं देहात थाना सागर नाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि व्यापारी राजा सिंधी के साथ पूर्व में भी लूट की घटनाएं घटित हो चुकी हैं, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Back to top button