कटनी

विलायतकला के पास हादसा, बेलगाम रफ्तार से भाग रहे ट्रक ने बोलेरो को मारी ठोकर, आधा दर्जन से अधिक घायल

कटनी, यशभारत। कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 78 पर बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम विलायतकला के आगे राजस्थान ढाबा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो को सीधी ठोकर मार दी। जिससे बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमे सवार आधा दर्जन से अधिक बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में 6-6 साल की दो मासूम बच्चियां और महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इस सडक़ दुर्घटना में शान्वी सिंह 6 वर्ष, मुस्कान उर्फ भारती सिंह 6 वर्ष, गीता पति सुमेर सिंह 45 वर्ष, दिलराज सिंह 45 वर्ष, संजू सिंह 45 वर्ष, रामबाई पति राज 40 वर्ष, पुष्पराज 12 वर्ष, गेंदा बाई 45 वर्ष, रोशनी पति भूरे सिंह 40 वर्ष एवं विवेक सिंह 42 वर्ष घायल हुए हैं। सभी घायल ग्राम सलैया ठुठिया थाना बड़वारा के निवासी हैं। बड़वारा पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इसी तरह माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पिपरौंध में जियो पेट्रोल पंप के पास बेलगाम रफ्तार से भाग रहा एक ट्रक पलट गया। ट्रका को चालक करण सिंह राजपूत निवासी घोटखेड़ा घनसौर जिला सिवनी तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के पलटते ही चालक करण सिंह केबिन के मलबे में ही दब गया, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गई। झिंझरी पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
बेकाबू कार ने स्कूटी को रौंदा
कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा के पास दानवी रफ्तार से भाग रही कार ने एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सडक़ पर दूर जा गिरे। इस हादसे में स्कूटी पर सवार धनंजय दाहिया 48 वर्ष निवासी पुरैनी, हरशाली और सार्थक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अज्ञात बाइक सवार ने मारी ठोकर
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के बाकल-बहोरीबंद रोड पर एसआर पेट्रोल पंप के सामने जितेंद्र पटेल निवासी पटेल मोहल्ला को मोटरसाइकिल के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में जितेंद्र पटेल को काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button