विकास कार्यों की समीक्षा में सख्ती, लापरवाह अधिकारियों को फटकार
सफाई, योजनाओं और निर्माण कार्यो, सहित कई मामलों में जताई नाराजगी

विकास कार्यों की समीक्षा में सख्ती, लापरवाह अधिकारियों को फटकार
सफाई, योजनाओं और निर्माण कार्यो, सहित कई मामलों में जताई नाराजगी

कटनी, यशभारत। शहर में चल रहे विकास कार्यों की सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कार्यों की धीमी गति और लापरवाही पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मानसून से पहले सफाई व्यवस्था, नाले-नालियों की स्थिति और जलभराव रोकथाम के कार्यों की समीक्षा की गई। कई स्थानों पर प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वच्छ सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों और नागरिक फीडबैक प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति निर्माण कार्यों पर सख्ती दिखाते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों में एफआईआर की कार्रवाई में तेजी लाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बिना अनुमति संचालित मैरिज गार्डनों के विरुद्ध सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी नियमों का पालन अनिवार्य करने और उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण स्थलों के विकास, पौधों की उपलब्धता और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जर्जर भवनों को हटाने, संबल 2.0, स्ट्रीट वेंडर योजना और ई-केवाईसी से जुड़े लंबित प्रकरणों को समय पर निपटाने को कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर, चौपाटी दुकानों के आवंटन, कॉम्प्लेक्स की नीलामी, कबाड़ व्यवसाय पर कार्रवाई और आवारा श्वानों के नियंत्रण जैसे विषयों पर भी निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री असित खरे, सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित नगर निगम के समस्त शाखा प्रमुख एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।







