मध्य प्रदेशराज्य

लापरवाही के चलते बीएमओ को हटाने ग्रामीणों ने सीएमएचओ को दिया आवेदन 

यश भारत, डिंडोरी |डिंडोरी जिले में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ डाक्टर की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र की आम जनता को उठाना पड़ रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर विकासखंड बजाग में मुख्यालय के ग्रामीणों और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र की गरीब जनता को भोगना पड़ रहा है।

      बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में पदस्थ डाक्टर विपिन राजपूत पिछले एक साल से विवादों के घेरे में है। जिनका लगातार क्षेत्र के ग्रामीण विरोध कर रहे हैं और इसी विरोध के चलते पिछले साल उन्हें खंड चिकित्सा अधिकारी के पद से हटाया गया था वहीं माननीय उच्च न्यायालय के द्वारा रोक लगाने के चलते मजबूरन उन्हें पुनः बी एम ओ का पद मिल गया जिसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को आज भी भुगतना पड़ रहा है‌।

बता दें कि डाक्टर के विरोध में पहले एस डी एम कार्यालय का घेराव और फिर ग्रामीणों ने चक्काजाम तक किया। फिर भी डाक्टर विपिन राजपूत बचते रहे हैं। अनेक शिकायतों और समाचार पत्रों की सुर्खियां बटोरने के बाद भी बाज ना आने वाले डाक्टर का पिछले दिनों सोशल मीडिया पर नशा करते वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने उनसे बी एम ओ का पद छीन लिया पर क्षेत्र की जनता के अनुरूप उन्हें अस्पताल से हटाया नहीं गया है। जिस पर क्षेत्र के दर्जन भर लोगों ने पुनः मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अनेक आवेदन दिया है जिसमें उनके लापरवाही पूर्ण रवैया और मरीजों से अभद्रता करने की शिकायत की है इसके अलावा सरकारी आवास में रहकर प्राईवेट क्लीनिक चलाने का भी आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ज्ञात हो कि डाक्टर की कार्यप्रणाली से आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है जिसका उदाहरण पूर्व में चक्काजाम जैसी घटनाएं हुई हैं और इन सबके बाद यदि प्रशासन नहीं चेता तो कोई बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसलिए समय रहते उच्चाधिकारियों द्वारा इन शिकायतों पर त्वरित जांच कर उचित कार्यवाही करते हुए डाक्टर विपिन राजपूत को हटाकर दूसरा डाक्टर पदस्थ किया जाना चाहिए जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारा जा सके।

इनका कहना है…

क्षेत्र में डाक्टर की लापरवाही के चलते रोष व्याप्त है lउनके द्वारा अनेक अनियमितता बरती जा रही है जिसको ध्यान में रखकर जल्द कार्यवाही की जानी चाहिए l

लोकेश पटेरिया, विधायक प्रतिनिधि

यदि आवेदन दिए है तो जल्द ही जांच कर कार्यवाही करेंगे l

मनोज पाण्डेय सी एम एच ओ डिंडोरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button