
दमोह में घायल दोस्त की मदद के लिए युवती रात में दौड़ी चली आई। युवती के दोस्त के साथ 20-25 लोग विवाद कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने युवक को चाकू मार दिया। घायल युवक ने दौड़ते हुए अपनी दोस्त को कॉल किया। वह मौके पर पहुंची। लड़की ने देखा कि दोस्त की जांघ में चाकू लगा है, उसने चाकू निकाला और जख्म पर अपनी चुनरी बांधी। इसके बाद उसे बाइक से लेकर अस्पताल पहुंची। लड़की अपने दोस्त के जख्म देखकर फूट-फूटकर रो पड़ी।
गुरुवार रात करीब 10.30 बजे 14 क्वार्टर का रहने वाला प्रफुल्ल कश्यप बड़े पुल में बैठा था। इसी बीच 20-25 लोग आकर उससे विवाद करने लगे। इनमें अमीषा नाम की एक लड़की भी थी। आरोप है कि अमीषा के कहने पर लड़कों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जैसे-तैसे प्रफुल्ल वहां से जान बचाकर भागा। भागते हुए उसने दोस्त राजिया को कॉल कर बताया कि उसे कुछ लोगों ने चाकू मार दिया।

अपनी ही फ्रेंड अमीषा पर लगाया आरोप
दोस्त के घायल होने की खबर मिलते ही राजिया घर के सारे काम छोड़कर मौके पर पहुंची। बेटी के अचानक यूं घर से जाने पर मां ने कॉल किया तो उसने कहा- दोस्त के साथ अस्पताल में है, उसे चाकू मारा है, वह उसका इलाज करा रही है। मां भी यह सुन अस्पताल पहुंची, लेकिन बिना किसी के परवाह वह दोस्त के इलाज में जुटी रही। राजिया ने हमले का आरोप अपनी ही फ्रेंड पर लगाया है। उसने बताया कि उसका अमीषा से किसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने मेरे दोस्त पर चाकू से हमला कराया है।







