भोपालमध्य प्रदेश

गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की मांग अचानक कई गुना बढ़ी, सरकार बोली–कमी नहीं

गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की मांग अचानक कई गुना बढ़ी, सरकार बोली–कमी नहीं

भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने आम लोगों में घबराहट पैदा कर दी है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में लोगों ने एहतियात के तौर पर गैस सिलेंडर की बुकिंग और ईंधन की खरीद बढ़ा दी है, जिससे कई जगहों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बन गई है।

भोपाल की एक गैस एजेंसी में शुक्रवार को करीब 1600 सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि एजेंसी के पास उस समय केवल 350 सिलेंडर का ही स्टॉक उपलब्ध था। अधिकारियों के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में गैस बुकिंग लगभग पांच गुना तक बढ़ गई है। यही वजह है कि कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि अफवाहों के कारण लोग बुकिंग करने के बाद तुरंत गैस एजेंसियों और गोदामों तक पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं को समझाया जा रहा है कि सिलेंडर की सप्लाई नियमित रूप से जारी है और बुकिंग के दो से चार दिन के भीतर सिलेंडर घर पहुंचा दिया जाएगा। फिलहाल प्रदेश में करीब 32 से 35 हजार गैस सिलेंडर की बुकिंग लंबित बताई जा रही है।

वहीं पेट्रोल-डीजल की खरीद में भी कई स्थानों पर अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। कुछ जिलों में पैनिक बाइंग के कारण बिक्री सामान्य से दो से ढाई गुना तक बढ़ गई, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

हालांकि राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सभी बॉटलिंग प्लांट और सप्लाई सिस्टम पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और ईंधन की नियमित आपूर्ति जारी है।

भोपाल के पास भौंरी स्थित डिपो से राजधानी के 192 पेट्रोल पंपों को ईंधन उपलब्ध कराया जाता है। शहर में प्रतिदिन लगभग 12 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल की सप्लाई हो रही है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button