यातायात थाने में शुरू हुई वर्चुअल ड्राइविंग क्लास, ट्रैफिक पाठशाला का शुभारंभ, स्कूली छात्रों को दी जानकारी

कटनी, यशभारत। सडक़ सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने यातायात पुलिस ने पहल की है। यातायात थाने में नवनिर्मित ट्रैफिक पाठशाला एवं सिम्युलेटर रूम का शुभारंभ किया गया। यातायात थाना प्रदेश का पहला ऐसा थाना बन गया है, जहां अत्याधुनिक सिम्युलेटर रूम स्थापित किया गया है। इस नवाचार का शुभारंभ एसपी अभिनय विश्वकर्मा की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर डीएव्ही स्कूल के छात्रों को ट्रैफिक पाठशाला एवं सिम्युलेटर के माध्यम से वर्चुअल राइडिंग का अनुभव कराया गया। इस अत्याधुनिक सिम्युलेटर सेटअप का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को सडक़ पर वाहन चलाने से पहले सुरक्षित डिजिटल वातावरण में यातायात संकेतों, सडक़ की सांकेतिक भाषा, आवश्यक सावधानियों एवं नियमों की व्यावहारिक जानकारी देना है। स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ट्रैफिक सिग्नल, सडक़ सुरक्षा नियम एवं सुरक्षित यात्रा के उपाय सिखाए जाते हैं। जागरूकता अभियान के तहत उपस्थितों को ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि पात्र व्यक्ति एक सरल ऑनलाइन टेस्ट के माध्यम से पारदर्शी तरीके से अपना लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर सकता है।
दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास : एसपी
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि यह कटनी के लिए गौरव का विषय है कि यातायात थाना प्रदेश में इस नवाचार की शुरुआत करने वाला पहला थाना बना है। अत्याधुनिक सिम्युलेटर के माध्यम से यातायात नियमों को सीखना न केवल प्रभावी है, बल्कि यह सडक़ दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर तक लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में एएसपी डॉ संतोष डेहरिया, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, यातायात थाना प्रभारी राहुल पाण्डेय, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती संध्या राजपूत, चौकी प्रभारी झिंझरी राजेश दुबे आदि की उपस्थिति रही।







