मोहर्रम : कल निकलेगा अली गोल का जुलूस, आज मोहल्लों में गश्त करेंगी सवारियां, ताजियों का निर्माण अंतिम दौर पर, पुलिस-प्रशासन ने की तैयारियां

कटनी, यशभारत। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन की शहादत के मातमी पर्व मोहर्रम की रौनक अब अपने पूरे शबाव पर पहुंच गई है। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पर्व के मद्देनजर साज-सजावट की गई है। उधर ताजियों का निर्माण भी अंतिम दौर पर पहुंच गया है। अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष कैस अहमद लिप्पू भाई ने बताया कि आज मोहर्रम की सात तारीख 23 जून को सवारियां एक दूसरे मोहल्ले का गश्त करेंगी। ये कार्यक्रम रात्रि 12 बजे के बाद शुरू होगा। इस जुलूस में ताजिया शामिल नहीं होंगे। इसी तरह कल मोहर्रम की 8 तारीख 24 जून को शाम 6 बजे सभी मोहल्ले से अली गोल उठेगा और दिलावर चौक में एकत्रित होगा। जुलूस का रास्ता दिलावर चौक से नगर निगम रोड से होता हुआ सुभाष चौक से अल्फर्ट गंज गली से मघई मंदिर से निकलता हुआ कमानिया गेट के सामने से होता हुआ कपड़हाई झन्डा बाजार, रूई मंडी के सामने से होता हुआ गांधी द्वार के सामने से होता हुआ पोस्ट आफिस के सामने वाली गली में जाएगा और मुस्लिम गली के अंदर से होता हुआ मीट मार्केट दिलावर चौक आएगा। यहीं पर जुलूस का समापन होगा।







