मूसलाधार बारिश : चित्रकूट पहुंचकर कलेक्टर एवं एसपी ने लिया जायजा : अधिकारियो को दिये आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश
सतना lकलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने शनिवार को चित्रकूट पहुंचकर भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने राघव प्रयाग घाट, रामघाट पर्यटक होटल चौराहा, आरोग्य धाम, जानकी कुण्ड, पुरानी लंका सहित अनेक स्थानों पर बैक वाटर से जलमग्न इलाके और निचले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मोटर वोट पर बैठकर आपदा राहत और बचाव के इंतजाम देखे। नगर पंचायत द्वारा निर्धारित आश्रय स्थल का भी निरीक्षण कर रूकने वाले लोगों को पानी, भोजन और शयन के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस मौके पर विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले के सभी तालाबों, डेम, नदी, नालों और जल भराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखें और स्थानीय लोगों से सम्पर्क में रहें। कलेक्टर ने वर्षा, जल भराव और अतिवृष्टि की स्थिति में लोगों को ऐसी जगहों से हटाने और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गहरे पानी वाली जगहों पर लोगों को जाने से रोकने के निर्देश दिए हैं। नदी, नाले, पुल, पुलिया, रपटे पर पानी आने पर बैरिकेड लगाकर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सतना जिले में अब तक 407.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
सतना जिले में इस वर्ष 1 जून से 12 जुलाई तक 407.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 546.5 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 334.5 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 456.7 मि.मी, बिरसिंहपुर में 247.3 मि.मी., रामपुर बाघेलान में 388.4 मि.मी., नागौद में 510.3 मि.मी., जसो (नागौद) में 147 मि.मी. एवं उचेहरा में 627.5 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 891.7 मि.मी. है। विगत वर्ष इस अवधि तक जिले में औसत वर्षा 163.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।
121.6 मिमी हुई औसत दैनिक वर्षा
चालू मानसून सीजन में सतना जिले में अब तक की वर्षा में 121.6 मिमी औसत 24 घण्टे की दैनिक वर्षा 12 जुलाई की प्रातः 8 बजे तक दर्ज की गई है। दैनिक वर्षा में सतना (रघुराजनगर) तहसील में 81 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 90 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 238.4 मि.मी, बिरसिंहपुर में 89.8 मि.मी., रामपुर बाघेलान में 154.4 मि.मी. नागौद में 90.3 मि.मी., जसो (नागौद) में 34.2 मि.मी. एवं उचेहरा में 195 मि.मी. औसत दैनिक वर्षा दर्ज की गई है।
मैहर जिले में अब तक 418.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
मैहर जिले में इस वर्ष 1 जून से 12 जुलाई 2025 तक 418.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख मैहर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले की अमरपाटन तहसील में 473 मि.मी., मैहर में 329.2 मि.मी. एवं रामनगर में 452 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 919.7 मि.मी. है। गत वर्ष इस अवधि में 253.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
मैहर में भी 121.3 मिमी हुई औसत दैनिक वर्षा
चालू मानसून सीजन में मैहर जिले में अब तक की वर्षा में 121.37 मिमी औसत 24 घण्टे की दैनिक वर्षा 12 जुलाई की प्रातः 8 बजे तक दर्ज की गई है। दैनिक वर्षा में अमरपाटन तहसील में 71 मि.मी., मैहर में 132.9 मि.मी. एवं रामनगर में 160.2 मि.मी. औसत दैनिक वर्षा दर्ज की गई है।







