मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट ने सभी याचिकाएं खारिज कीं 12 मई को होगा मतदान, 23 पदों के लिए 122 प्रत्याशी मैदान में,शांतिपूर्ण चुनाव की अपील

जबलपुर, प्रतिनिधि।मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद (स्टेट बार काउंसिल) चुनाव 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट में लंबित सभी अपीलों का निपटारा करते हुए उन्हें खारिज कर दिया गया है। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है।
23 पदों के लिए 122 प्रत्याशी मैदान में-जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परिषद के 23 सदस्यीय गठन (18 पुरुष एवं 5 महिला सदस्य) के लिए चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इन पदों के लिए कुल 98 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक होने की संभावना है।
12 मई को होगा मतदान-चुनाव कार्यक्रम के तहत 12 मई 2026 (मंगलवार) को मतदान कराया जाएगा। सभी अधिवक्ता अपने-अपने जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर अधिवक्ता परिचय पत्र प्रस्तुत कर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
प्रक्रिया में बदलाव की कोई संभावना नहीं-निर्वाचन समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रत्याशियों को आवंटित अनुक्रमांक में अब किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित होगी।
शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव की अपील-निर्वाचन अधिकारी जस्टिस एस.के. पालो (सेवानिवृत्त) ने सभी प्रत्याशियों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इसे शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दें।
प्रशासनिक तैयारियां तेज-चुनाव को लेकर संबंधित जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन और निर्वाचन समिति द्वारा मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।







