मंदिर परिसर में अवैध क्लीनिक संचालन का भंडाफोड़
बिना वैध दस्तावेज चल रहा था चिकित्सा कारोबार

मंदिर परिसर में अवैध क्लीनिक संचालन का भंडाफोड़
बिना वैध दस्तावेज चल रहा था चिकित्सा कारोबार

एलोपैथिक दवाइयां जब्त कर तीन दिन में जवाब तलब
कटनी, यशभारत। ग्राम बकेली में मंदिर परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर अवैध रूप से चल रहे निजी क्लीनिक का प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद मौके से एलोपैथिक दवाइयों एवं चिकित्सकीय सामग्री को जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया।
विकासखंड विजयराघवगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सिघनपुरा के ग्राम बकेली में नायब तहसीलदार सिंगौड़ी राजेन्द्र श्रीवास्तव और विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार की टीम ने अचानक दबिश देकर क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि यहां सी.पी. सिंह नाहर एवं भूपेन्द्र सिंह नाहर द्वारा बिना स्पष्ट वैध अनुमति के मेडिकल प्रैक्टिस संचालित की जा रही थी।
मंदिर परिसर में क्लीनिक संचालन पर उठे सवाल
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि धार्मिक स्थल जैसे मंदिर परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर निजी क्लीनिक चलाया जा रहा था, जिससे व्यवस्था और नियमों की अनदेखी स्पष्ट दिखाई दी। मौके पर मौजूद दवाइयों और अन्य मेडिकल सामग्री की सूची बनाकर उन्हें जब्त किया गया।
तीन दिन का अल्टीमेटम, वरना होगी कड़ी कार्रवाई
जांच दल ने संबंधित प्रैक्टिशनरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे मेडिकल प्रैक्टिस से जुड़े सभी वैध दस्तावेज तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एकपक्षीय और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना अनुमति चिकित्सा संचालन करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।






