भोपाल

भोपाल: दिवाली की रात लाल थार का कहर; दो की मौत, दो गंभीर घायल, भीड़ ने की तोड़फोड़

भोपाल: दिवाली की रात लाल थार का कहर; दो की मौत, दो गंभीर घायल, भीड़ ने की तोड़फोड़

भोपाल। राजधानी भोपाल में दिवाली की रात मातम में बदल गई, जब एक तेज रफ्तार लाल रंग की थार एसयूवी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके में हुई।

मृतकों की पहचान:

मृतकों की पहचान अब्दुल मुख्तार और अब्दुल गनी के रूप में की गई है। घायलों को इलाज के लिए भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ड्राइवर फरार:

पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार गाड़ी फेंसिंग में जा घुसी। हादसे के तुरंत बाद थार का ड्राइवर अपने साथियों के साथ पास से गुजर रही एक जीप में बैठकर मौके से फरार हो गया।

गुस्साए लोगों ने थार में की तोड़फोड़:

हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने लाल थार में जमकर तोड़फोड़ की।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया मंजर:

मृतक अब्दुल मुख्तार के बेटे फारुख ने बताया कि तेज रफ्तार थार गनी भाई को बाइक समेत कई फीट तक घसीट ले गई और उनके पिता भी इसी दौरान कार की चपेट में आ गए।

मृतक अब्दुल गनी के बेटे मोहम्मद जुबेर ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि उनके पिता गौशाला चौराहे पर रोड पार करने के लिए खड़े थे, तभी ड्राइवर ने इतनी स्पीड में गाड़ी चलाई कि उसने कई लोगों को उड़ा दिया।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश:

पुलिस ने बताया कि वे थार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उस तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

मॉर्चुरी के बाहर रात भर हंगामा:

हादसे के बाद परिजनों ने रात में ही पोस्टमॉर्टम कर शव सौंपने की मांग की, जिसके कारण देर रात तक गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) की मॉर्चुरी के बाहर भारी भीड़ जमा रही। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की बात कही है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button