भीषण गर्मी का प्रकोप : 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित

मंडला। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जिसको देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों को राहत प्रदान की है। कलेक्टर ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया है।
यह फैसला लगातार बढ़ते तापमान और लू जैसी स्थिति के कारण लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसके मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश अवधि के दौरान शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्हें अपने शैक्षणिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
मंडला जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 43 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है। जिसको देखते हुए ही यह फैसला लिया गया है।







