सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर कर्रापुर के पास बोरे में बंद मिली अज्ञात लाश के मामले में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। यह सनसनीखेज वारदात ‘अवैध संबंधों’ और ‘प्रतिशोध’ की एक ऐसी कहानी है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि मृतक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही परिचितों ने जीजा-साले के साथ मिलकर बड़ी बेरहमी से की थी।
रोटी खाते वक्त सिर पर कुल्हाड़ी से वार, मुंह में ही दबा रह गया निवाला हत्या का तरीका इतना बर्बर था कि पत्थर दिल इंसान की भी रूह कांप जाए। पुलिस के अनुसार, मृतक महेंद्र अहिरवार को पहले आरोपियों ने पार्टी के बहाने बुलाया। जब महेंद्र जमीन पर बैठकर खाना खा रहा था, तभी मुख्य आरोपी ने पीछे से कुल्हाड़ी से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि महेंद्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसके मुंह में फंसा रोटी का टुकड़ा बाहर भी नहीं निकल सका। इसके बाद साड़ी को फाड़कर उसके हाथ-पैर बांधे गए और शव को बोरे में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया। बदनामी का बदला और मौत की दावत इस पूरी साजिश की जड़ बंडा के भेड़ा गांव से जुड़ी है। मृतक महेंद्र अहिरवार के गांव के ही हरिशंकर अहिरवार की पत्नी से अवैध संबंध थे। गांव भर में हो रही बदनामी से हरिशंकर तिलमिलाया हुआ था। उसने महेंद्र को कई बार समझाया, लेकिन जब वह नहीं माना, तो हरिशंकर ने अपने दो सालों (किस्सू और गणेश) के साथ मिलकर उसे ठिकाने लगाने का मन बना लिया। साजिश के तहत हरिशंकर ने अपने साले के घर पर महेंद्र को बुलाया, जहां उसका बेटा सत्यम और पत्नी भी मौजूद थे। किसी को भनक न लगे, इसलिए पहले शराब और खाने की महफिल सजाई गई और फिर उसे मौत की नींद सुला दिया गया। जीजा गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी सागर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। एडिशनल एसपी लोकेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी हरिशंकर अहिरवार पुलिस की गिरफ्त में है। हालांकि, वह फिलहाल पेट की बीमारी के चलते बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में भर्ती है, जहां पुलिस कड़े पहरे में उसकी निगरानी कर रही है। वारदात में शामिल उसके सालों और बेटे की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया था, जिसे भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है।