बिलपुरा के जंगल में भालू का खूनी हमला! तेंदूपत्ता तोड़ रहे ग्रामीण को बेरहमी से नोंचा, हालत बेहद गंभीर, कटनी जिला अस्पताल में भर्ती

( रैपुरा संवाददाता)
कटनी, यशभारत। जिले और आसपास के जंगलों में हिंसक वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह रैपुरा के बिलपुरा जंगल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तेंदूपत्ता तोड़ने गए एक 50 वर्षीय ग्रामीण पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। भालू के इस खूनी हमले में ग्रामीण बुरी तरह लहूलुहान हो गया है, जिसे नाजुक हालत में कटनी जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
सुबह-सुबह हुआ मौत से सामना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिलपुरा निवासी भईयन आदिवासी (उम्र 50 वर्ष) आज शुक्रवार (22 मई) की सुबह रोज़ की तरह बिलपुरा के घने जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। भईयन अपने काम में व्यस्त ही थे कि झाड़ियों में घात लगाकर बैठे एक खूंखार भालू ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। भईयन को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सिर और चेहरे को भालू ने बुरी तरह चबाया
भालू ने ग्रामीण को जमीन पर पटककर उसके सिर और चेहरे पर लगातार कई वार किए। भईयन की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य लोग जब तक लाठी-डंडे लेकर दौड़े, तब तक भालू ग्रामीण को लहुलुहान कर जंगल की ओर भाग चुका था। मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम. एल. चौधरी ने बताया कि 50 वर्षीय घायल व्यक्ति को बेहद गंभीर हालत में रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। भालू ने उसके सिर और चेहरे पर बहुत गहरे और गंभीर घाव किए हैं। प्राथमिक उपचार देकर खून रोकने का प्रयास किया गया है, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय कटनी के लिए रेफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
इस खौफनाक घटना के बाद से बिलपुरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। तेंदूपत्ता सीजन होने के कारण रोज़ सैकड़ों ग्रामीण जंगल का रुख कर रहे हैं, ऐसे में इस हमले ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हिंसक वन्यजीवों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।








