मध्य प्रदेशराज्य

बारिश का कहर : गर्भवती महिला बाढ़ में बही, विदिशा -भोपाल व रहली – जबलपुर मार्ग के पुल पर पानी आने के बाद आवागमन बंद : सैकड़ो की संख्या में वाहनों की लगी कतार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते पूरे जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए है। इस दौरान जहां देवरी में पुल पार करते समय गर्भवती महिला बाढ़ में बह गई है वहीं दूसरी तरफ सागर से विदिशा-भोपाल तथा रहली – जबलपुर मार्ग के पुल पर बाढ़ का पानी आने के बाद से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।

देवरी कला में रामघाट नाले पर बने पुल पर पानी होने के बावजूद बाइक से पार करते समय एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला तेज बहाव में बह गई है। जिसका दोपहर तक कोई पता नहीं चल सका। जिसमें प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। क्योंकि बारिश के पूर्व पुल के दोनों ओर आवागमन रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं किए थे। जबकि कलेक्टर ने इस संबंध में पूर्व में कड़े निर्देश जारी किए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संजयनगर स्थित रामघाट मन्दिर में नाग पंचमी पर पर सुबह नौ बजे पूजन के लिए आए दशरथ साहू और उनकी 22 वर्षीय पत्नी वंदना साहू एवं 22 वर्षीय ननद तीनों पूजन करके बाइक से कल्पधाम कालोनी वापस लौटते समय जैसे ही रामघाट नाले पर बने पुल को बाइक से पार कर रहे थे तभी पुल पर बाढ के पानी का तेज बहाव आने से बाइक फिसल गयी और वन्दना साहू 22 साल नाले में बह गई। मौके पर मौजूद लोग महिला को बचाने के लिए नदी में कूदे और बड़ी देर तक महिला की तलाश की लेकिन बाढ़ के पानी का तेज बहाव के कारण दो किलोमीटर तक कहीं भी महिला का पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलने पर एसडीएम मुनब्बर खान, एसडीओपी शशिकांत सरयाम, तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया, थाना प्रभारी मीनेश भदौरिया, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रामघाट नाले के आसपास महिला की तलाशी की लेकिन बाढ़ का पानी अधिक होने के कारण महिला का कोई पता नहीं चल सका।

जिले में रुक-रुक कर हो रही माध्यम तेज़ बारिश के चलते संपूर्ण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सागर से विदिशा – भोपाल मार्ग बंद होने के कारण पुल के दोनों तरफ सैकड़ो की संख्या में वाहनों की कतारें लग गई है। मार्ग बंद होने की सूचना मिलने पर राहतगढ़ एसडीएम, पुलिस बल एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्था को संभालने का काम किया जा रहा है।

सागर से विदिशा- भोपाल मार्ग पर राहतगढ़ के आगे ग्राम मीरखेड़ी के पास बहने वाले माचला नाले का पानी चढ़कर पुल पर पहुंच गया है। जिस कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है और सैकड़ो की संख्या में पुल के दोनों ओर वाहन इकट्ठा हो गए हैं। पुल पर पानी चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी रखने एवं किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती मोर्चा संभाल लिया है। यश भारत के संभागीय ब्यूरो को जिला पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि करीब 8 बजे से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है जो समाचार लिखे जाने तक बंद है। लगातार बारिश की चलते सुबह तक मार्ग बंद रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसी तरह रहली जबलपुर मार्ग पर भी पुल के ऊपर झलोंन के पास ब्यारमा नदी उफान पर आ गई है। बाढ़ का पानी नदी किनारे बने घरों में पहुंच गया है। पुल पर पानी आ जाने के कारण यह मार्ग भी आवागमन के लिए बंद हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button