बाइक-हार्वेस्टर की भिड़ंत में चचेरे भाईयों की दर्दनाक मौत, हथकुरी बस स्टैंड के आगे हादसा, ठोकर इतनी जोरदार कि मौके पर ही थम गई दोनों की सांसें, हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर फरार

कटनी/पवई, यशभारत। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हथकुरी में दर्दनाक सडक़ हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक से मोहंद्रा की ओर जा रहे दो चचेरे भाइयों की सामने से आ रहे हार्वेस्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार ग्राम रेहुटा निवासी सतेंद्र अहिरवार पिता पोटू अहिरवार उम्र 20 वर्ष और दीपचंद अहिरवार पिता रत्ना अहिरवार उम्र 19 वर्ष दोपहर में बाइक से किसी कार्य के सिलसिले में मोहंद्रा जा रहे थे। दोनों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। करीब 3.45 बजे जब वे हथकुरी बस स्टैंड के आगे पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आ रहे अज्ञात हार्वेस्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सडक़ पर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना देने का प्रयास किया।
जनपद अध्यक्ष ने दी तत्काल सूचना
जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहनी आनंद मिश्रा किसी कार्यक्रम से लौट रही थीं। हादसा देखने के बाद उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस एवं बीएमओ सुरेश कुमार को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पवई अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवाया। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया। एक साथ दो चचेरे भाइयों की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है।
हादसे के बाद हार्वेस्टर लेकर भागा चालक
घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही फरार हार्वेस्टर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।







