मध्य प्रदेशराज्य

फरारी में मदद मांगने आया, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा : चाकू की नोक पर प्रेमिका का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के मकरोनिया थाना अंतर्गत बड़तूमा क्षेत्र में चाकू की नोक पर नाबालिग प्रेमिका का अपहरण करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने शनिवार को घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहर के बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल कॉलोनी से उस समय दबोचा जब वह फरारी काटने के लिए किसी परिचित से रुपयों की मदद मांगने आया था।

उल्लेखनीय है कि बीती 15 जून की रात आरोपी शिवांश उर्फ बिट्टू तोमर, निवासी शनिचरी (गोपालगंज), चाकू लेकर बड़तूमा में नाबालिग के घर में घुस गया था। वहां उसने नाबालिग की मां पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और लड़की को जबरन अपने साथ अगवा कर ले गया था। इस सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी चेहरे को कपड़े से ढके हुए और हथियार चमकाते हुए नाबालिग को ले जाता दिख रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहृत नाबालिग को पहले ही सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया था।

नवागत मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि आरोपी शिवांश उर्फ बिट्टू तोमर बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल कॉलोनी में घूम रहा है और फरारी के लिए अपने किसी परिचित से आर्थिक मदद लेने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

मकरोनिया थाने की कमान संभालने के दूसरे ही दिन थाना प्रभारी नितिन पाल और उनकी टीम (जिसमें उपनिरीक्षक निशांत भगत, एएसआई काशीराम ठाकुर, प्रधान आरक्षक अरविंद, आरक्षक शुभम व महिला आरक्षक दीक्षा शामिल रहे) द्वारा इस संवेदनशील और अंधे मामले का सटीक पटाक्षेप करने पर पुलिस महकमे में उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर वारदात के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button