प्रशासनिक फेरबदल : पुलिस विभाग में 116 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले, TI लाइन अटैच, कई थानों के प्रभारी बदले

मंडला यशभारत ।पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने जिले के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उन्होंने कुल 116 अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इनमें निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं, जिन्हें नई पदस्थापनाएं दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कई थानों के प्रभारियों को बदला गया है।
इस बदलाव का उद्देश्य जिले की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, पुलिसिंग में सुधार लाना और पुलिस बल की कार्यकुशलता में वृद्धि करना है। प्रमुख तबादलों में थाना प्रभारी मवई प्रताप मरकाम को पुलिस लाइन अटैच किया गया है। पुलिस लाइन से प्रकाश चंद्र सेन को थाना घुघरी का नया प्रभारी बनाया गया, जबकि सत्येंद्र रघुवंशी को बम्हनी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली। मंशाराम वगेन को पुलिस लाइन से नैनपुर थाना भेजा गया है, और ममता परस्ते को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है। थाना प्रभारी घुघरी निरीक्षक पूजा बघेल को पुलिस लाइन मंडला भेजा गया है।
महाराजपुर थाना प्रभारी क्रांति कुमार बम्हे को भी रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) मंडला भेजा गया है। धर्मेंद्र धुर्वे को पुलिस लाइन से निवास थाना प्रभारी बनाया गया है, और आरती तेकाम (पूर्व पदस्थापना महिला थाना) को मवई थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। थाना प्रभारी बम्हनी जय सिंह यादव को उनकी पूर्व पदस्थापना महाराजपुर थाना भेजा गया है। भानू प्रताप सिंह भवेदी को पुलिस लाइन से थाना खटिया में पदस्थ किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से कई थानों में नए प्रभारी पदस्थ हुए हैं। अधिकारियों का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिस बल की कार्यप्रणाली में गति आएगी, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अधिक प्रभावशीलता देखने को मिलेगी। जिले में एक साथ 116 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले को हाल के वर्षों के सबसे बड़े पुलिस प्रशासनिक बदलावों में से एक माना जा रहा है।







