पूर्व महिला सरपंच की संदिग्ध मौत : परिजनो का आरोप- पति ने की हत्या, जांच जारी

मंडलाl जिले में एक पूर्व महिला सरपंच की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घुघरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसवाह में 21 मई को एक पेड़ से महिला का शव लटका मिला था।
मृतक ग्राम झूंझर की सरोज करचाम है। सरोज के परिवार ने वर्तमान सरपंच और उसके पति सालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। शुक्रवार को मृतक की मां गिंदिया बाई और भाई महेंद्र पट्टा ने एएसपी से मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। परिजन का आरोप है कि सालिक अक्सर सरोज के साथ मारपीट करता था। पिछले साल भी उसने सरोज को बेहोश होने तक पीटा था। परिवार ने बताया कि सरोज 19 मई से लापता थी। लेकिन उसके पति ने न तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई और न ही परिवार को सूचित किया। सरोज 7 साल तक गांव की सरपंच रही थी। वर्तमान में उसका पति सरपंच है। एएसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर मर्ग कायम कर लिया है। 10 तारीख को मृतक के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई थी। एसडीओपी और थाना प्रभारी को डॉक्टर से आवश्यक जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। परिजन को थाने में बयान दर्ज कराने को कहा गया है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







