कटनीमध्य प्रदेश

पूरी रात चलता रहा रेलवे टै्रक में सुधार कार्य, कटनी सहित तीन जिलों के कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा, रेल यातायात शाम तक शुरू होने की संभावना, कटनी जंक्शन और ग्रेड सेपरेटर से निकाला जा रहा टे्रनों को

कटनी, यशभारत। कटनी-बिलासपुर रेलखंड पर शनिवार सुबह 11 बजे मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरने की घटना के 24 घंटे बाद भी रेल यातायात बहाल नहीं हो सका है। राहत एवं सुधार कार्य में लगे कर्मचारी पूरी रात काम में जुटे रहे। रेल अधिकारियों का कहना है कि एनकेजे से कटनी साऊथ आज दोपहर तक और एनकेजे से मुड़वारा रेल ट्रैक आज शाम तक शुरू होने की संभावना है। ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के बाद जबलपुर से बिलासपुर की ओर जाने वाली टे्रनों को कटनी जंक्शन होकर और बिलासपुर से बीना की ओर जाने वाली टै्रनों को ग्रेट सेपरेटर ब्रिज से गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। कटनी-बिलासपुर रेलखंड पर शनिवार सुबह हुए इस हादसे की जांच भी शुरू हो गई है। हादसे के कारण एनकेजे-मुड़वारा और एनकेजे साउथ स्टेशन के बीच अप और डाउन दोनों ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो गया।
विदित हो कि बिलासपुर से बीना जा रही कोयला लोड मालगाड़ी कल सुबह कटनी जंक्शन के पहले ए-केबिन के पास से गुजर रही थी कि 5 वैगन अचानक पटरी से उतर गए। डिब्बे ट्रैक से उतरकर एक-दूसरे से टकराते हुए क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें भरा कोयला पटरी पर फैल गया। हादसे के कारण एनकेजे-मुड़वारा और एनकेजे से कटनी साउथ स्टेशन के बीच रेल यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया और एक दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर डीआरएम कमल कुमार तलरेजा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीआरएम ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद ट्रैक से कोयला हटाने और वैगन को अलग करने का काम पूरी रात चलता रहा। शुरुआत में मजदूरों के माध्यम से कोयला खाली कराया गया, लेकिन काम में देरी होने के कारण बाद में जेसीबी मशीनों को लगाया गया। ट्रैक और स्लीपर को हुए भारी नुकसान के कारण मरम्मत कार्य में काफी समय लगा और देर शाम तक सुधार कार्य जारी रहा।
एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित
इस हादसे के कारण कटनी साउथ स्टेशन से गुजरने वाली अंबिकापुर-जबलपुर एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस और बिलासपुर-इंदौर एक्सप्रेस सहित कई अन्य टे्रनों के पहिए थम गए। ट्रेनों को कटनी स्टेशन पर लाकर इंजन बदलकर आगे के लिए रवाना किया गया। इसी तरह कटनी-बरगवां मेमू ट्रेन को कटनी लाने की बजाय झलवारा स्टेशन पर ही रद्द कर दिया गया। अन्य कई ट्रेनों को भी देरी से चलाना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की इस बदली व्यवस्था की जानकारी समय पर न मिलने से यात्रियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा। कई यात्री कटनी साउथ स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते रहे जबकि उनकी ट्रेनें कटनी स्टेशन से संचालित हो रही थीं। हादसे की वजह से मजबूरी में रेलवे को पहली बार यात्री ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर के रास्ते से निकालना पड़ा। हालांकि इस व्यवस्था के कारण मुड़वारा स्टेशन के यात्रियों को भारी असुविधा हुई। दोनों ट्रेनों को मुड़वारा की बजाय कटंगीखुर्द और हरदुआ में रोका गया, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी। गाड़ी संख्या 61604 बरगवां-कटनी मेमू को कटंगीखुर्द में रोक दिया गया। रविवार को यह ट्रेन कटंगीखुर्द से ही बरगवां के लिए रवाना होगी। इस दौरान यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर यात्री जहां झलवारा से कटनी आने के लिए परेशान हुए तो वहीं कटनी स्टेशन में ट्रेन आने के इंतजार में यात्री खड़े रहे और अन्य साधनों से झलवारा स्टेशन पहुंचे।
पहली बार यात्री ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर से निकाला
एनकेजे से मुड़वारा रेलखंड बंद होने के कारण मुड़वारा स्टेशन जाने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ा। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ ट्रेनों को ग्रेड सेपरेटर से चलाया। बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ी संख्या 18009 संतरागाछी अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 12823 छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को कटंगीखुर्द से सीधे ग्रेड सेपरेटर पर चढ़ाकर रवाना कर दिया गया और ये ट्रेनें मुड़वारा स्टेशन के ऊपर से होकर गुजरे ग्रेड सेपरेटर से सीधे हरदुआ स्टेशन पहुंची। मुड़वारा स्टेशन जाने व यहां से सफर करने वाले यात्रियों के लिए दोनों ट्रेनों को कंटगीखुर्द व हरदुआ में रोका गया। यह पहला मौका था, जब इस रोड सेपरेटर का इस्तेमाल यात्री ट्रेनों के लिए किया गया। इससे पहले इस मार्ग से केवल मालगाडिय़ां ही गुजरती थीं।
इन टे्रनों पर पड़ा असर
गाड़ी संख्या 11266 अंबिकापुर-जबलपुर एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 11265 जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 16651 जबलपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस
गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर-इंदौर एक्सप्रेस।
गाड़ी संख्या 11201 नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस।
गाड़ी संख्या 12854 भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस।
गाडी संख्या 11447 जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button