कटनी

पारधी गिरोह ने बिहार के व्यापारियों को लूटा, कटनी बुलाकर की मारपीट, 6 लाख 70 हजार लूटकर फरार, बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम सुड्डी के पास वारदात से सनसनी

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुड्डी के पास बिहार के पटना से आए दो व्यापारियों को लालच देकर बुलाकर हथियारों की दम पर उनसे 6 लाख 70 हजार रूपए लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात के दौरान व्यापारियों के साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीडि़त व्यापारी की शिकायत पर बड़वारा पुलिस ने पारधी गिरोह के तीन चिन्हित सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं में अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी वीरेन्द्र कुमार महतो 52 वर्ष और उनके साथी मुकेश कुमार शाह 35 वर्ष बिहार के पटना जिले के थाना रामकृष्णानगर अंतर्गत ईष्ट लक्ष्मीनगर खेमनीचक के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बरही थाना क्षेत्र स्थित ग्राम छिंदियाटोला बिचपुरा निवासी कुछ बदमाशों ने व्यापारियों को किसी व्यापारिक सौदे, सामान या लालच का झांसा देकर बिहार से कटनी बुलाया था। विगत 16 सितंबर की सुबह लगभग 9 बजे वीरेन्द्र कुमार महतो और मुकेश शाह जब बरही की ओर जा रहे थे, तभी बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम सुड्डी के आगे मेन रोड के किनारे सूनसान इलाके में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। पूर्व नियोजित साजिश के तहत आरोपियों ने एकराय होकर व्यापारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनके पास रखे 6 लाख 70 हजार रुपये नकद तथा आवश्यक व्यक्तिगत व व्यापारिक दस्तावेज छीन लिए। लूट को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद व्यापारी वीरेन्द्र कुमार महतो ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश
बड़वारा ने पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 140 (3), 140 (4), 143 (3), 309 (4), 309 (6), 311, 351 (3), 3 (5) के तहत बरही थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदियाटोला बिचपुरा निवासी राजू पारधी, सोना पारधी एवं काबिस पारधी के प्रकरण दर्ज किया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में बड़वारा और बरही पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों और छिंदियाटोला क्षेत्र में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लूटी गई राशि व दस्तावेज बरामद कर लिए जाएंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button