कटनी

पति से विवाद के बाद इंदौर चली गई पत्नी, पुलिस ने दी समझाईश, वापस कटनी लाकर परिजनों को सौंपा

कटनी, यशभारत। कोतवाली पुलिस ने एक माह से लापता 21 वर्षीय युवती को इंदौर से कटनी लाकर परिवार से मिलाया। पुलिस की समझाइश और भरोसे का असर ऐसा हुआ कि युवती स्वयं अपने घर वापस लौट आई। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि 22 जुलाई को झुरही टोला कैलवारा फाटक निवासी एक महिला ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री 21 जुलाई को घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने युवती के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की। मोबाइल फोन बंद होने के कारण उसकी लोकेशन भी नहीं मिली पा रही थी। इसके बावजूद पुलिस ने लगातार प्रयास जारी रखे। इसी दौरान साइबर सेल से युवती के इंदौर में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने युवती से संपर्क स्थापित किया और उसे समझाइश देते हुए घर लौटने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके घर से जाने के कारण परिजन चिंतित हैं और उसकी सकुशल वापसी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस की समझाइश और भरोसे का यह असर हुआ कि युवती कटनी वापस लौट आई। पुलिस ने युवती को सकुशल दस्तयाब कर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
काउंसलिंग में सामने आई वजह
पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की। टीआई राखी पाण्डेय को काउंसलिंग के दौरान युवती ने बताया कि पति से विवाद के कारण परेशान होकर वह पहले अपने मायके चली गई थी और बाद में घर में बिना बताए इंदौर चली गई। पुलिस ने युवती को भविष्य में किसी भी परेशानी की स्थिति में परिजनों अथवा पुलिस से संपर्क करने की समझाइश दी। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक नेहा मौर्य, प्रधान आरक्षक सुशील पाण्डेय एवं आरक्षक सतेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button