निर्माणाधीन मकान के शौचालय में मिली युवक की लाश, तीन दिन से लापता था युवक, बड़वारा का मामला

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिशन चौक में मंगलवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन मकान के शौचालय के टैंक से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय उमेश कुम्हार पिता दस्सी कुम्हार निवासी बड़वारा के रूप में की गई है। युवक पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों के अनुसार उमेश कुम्हार बीते तीन दिनों से घर नहीं लौटा था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिवार और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। मंगलवार सुबह मिशन चौक स्थित नवीन सोनी के निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रहे लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब लोगों ने शौचालय के टैंक के अंदर झांककर देखा तो उसमें पानी के बीच एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।







