मध्य प्रदेशराज्य

नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार; नहर में शव फेंककर दर्ज कराई थी गुमशुदगी

सतना यश भारत। कोलगवां थाना क्षेत्र में नवविवाहिता सरस्वती दाहिया की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति राजकुमार दाहिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने शव को नहर में फेंक दिया और घटना से खुद को अलग दिखाने के लिए थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है।

 इलाज के बहाने ले गया, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी

 

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की शाम राजकुमार दाहिया निवासी मरौंहा, थाना रामपुर बाघेलान ने कोलगवां थाने पहुंचकर पत्नी सरस्वती दाहिया के लापता होने की सूचना दी थी। उसने पुलिस को बताया कि वह पत्नी को इलाज के लिए माधवगढ़ लेकर आया था। दवा दिलाने के बाद उसने सरस्वती को स्कूल के पास छोड़ा और किसी काम से मटेहना चला गया। करीब 20 मिनट बाद वापस लौटने पर पत्नी वहां नहीं मिली।

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान अगले दिन सराय गांव के पास नहर में एक महिला का शव उतराता मिला। पहचान कराई गई तो शव सरस्वती दाहिया का निकला। नवविवाहिता की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को हाईवे पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सरस्वती की मौत गला दबाने तथा सिर पर गंभीर चोट लगने से होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस का संदेह पति राजकुमार पर गहराया।

 

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।

 चरित्र को लेकर विवाद का बताया कारण

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी उस पर चरित्र को लेकर संदेह करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान उसने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया और घटना को छिपाने के लिए पत्नी के लापता होने की झूठी कहानी पुलिस के सामने रखी।

 

  आरोपों की जांच जारी

सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, आरोपी राजकुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं मृतका के माता-पिता और अन्य परिजनों ने पति के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की भी पुलिस द्वारा अलग से जांच की जा रही है।

 

बताया गया है कि सरस्वती का मायका रामपुर बाघेलान क्षेत्र के मरौंहा गांव में था। उसकी शादी इसी वर्ष 12 मई को राजकुमार दाहिया के साथ हुई थी। विवाह के महज कुछ महीनों बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और अब हत्या का खुलासा होने से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button