नगर निगम कर्मचारियों की चेतावनी, गिरफ्तारी नहीं तो निगम का कामकाज होगा ठप्प
सुबह 10 बजे की डेडलाइन पर टिकी नजर, मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन तेज

कटनी, यशभारत। नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों का विरोध लगातार उग्र रूप लेता जा रहा है। मारपीट की घटना के विरोध में कर्मचारी संगठनों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। सुबह से ही बड़ी संख्या में कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर एकत्रित हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि सुबह 10 बजे तक कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर निगम कार्यालय पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और कामकाज ठप रहेगा। कर्मचारी संगठनों ने साफ चेतावनी दी है कि यह केवल शुरुआत है और यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज और व्यापक किया जाएगा। सभी विभागों में कार्य बहिष्कार की भी तैयारी की जा रही है। घटना को लेकर कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। उनका आरोप है कि मारपीट की गंभीर घटना के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम और 10 बजे की समयसीमा पर टिकी हुई है।








