मध्य प्रदेशराज्य

नक्सली मुठभेड़ में शहीद आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे मुख्यमंत्री : परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ की राशि देने की घोषणा

नरसिंहपुर, गाडरवारा। नक्सली मुठभेड़ में नरसिंहपुर की माटी के लाल आशीष शर्मा शहीद हो गए , जनवरी में आशीष की शादी थी….नरसिंहपुर जिले के बोहानी गांव के रहने वाले आशीष शर्मा हॉक फोर्स में इंस्पेक्टर थे और उन्हें पूर्व में दो बार भारत सरकार द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया था…। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पूरी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शहीद परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी ओर 1 करोड़ की राशि देने की घोषणा की है। वीर जवान के अंतिम संस्कार में डॉ मोहन यादव के पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है l

 मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के बोहानी गांव में उस वक्त हर किसी की आंखें नम हो गईं जब गांव के रहने वाले वीर जवान आशीष शर्मा के शहीद होने की खबर गांव पहुंची। आशीष शर्मा मध्यप्रदेश हॉक फोर्स में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थे और छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में बुधवार को नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में उन्हें वीरगति प्राप्त हुई। उन्हें मुठभेड़ के दौरान सीने, पेट और पैर में गोली लगने की बात सामने आई है।

बोहानी गांव के रहने वाले आशीष शर्मा साल 2016 बैच के प्लाटून कमांडर थे। आशीष शर्मा तीन राज्यों मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की संयुक्त नक्सल उन्मूलन टीम का नेतृत्व कर रहे थे। बुधवार को नक्सलियों के मूवमेंट की सूचना के बाद जंगल में आशीष शर्मा टीम के साथ सर्चिंग पर गए थे जहां नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। आशीष शर्मा के पिता देवेन्द्र शर्मा किसान हैं और उनका एक छोटा भाई भी है जो भोपाल में पढ़ाई कर रहा है। हाल ही में उनकी शादी तय हुई थी और जनवरी में उनकी शादी होने वाली थी। आशीष शर्मा को पूर्व में कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस, असाधारण बहादुरी प्रदर्शित करने के लिए दो बार भारत सरकार द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। शहीद जवान के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बोहानी में अंतिम संस्कार किया जाएगा । इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ परिवहन स्कूल शिक्षा मंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रम मंत्री के पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button