दिन में लूट, रात में बम पटककर फैलाई दहशत, कंपनी के सुपरवाइजर के साथ वारदात, शराब पीने के लिए रूपए नहीं मिलने पर मारपीट, रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्मशान भूमि के पास वारदात से सनसनी

कटनी, यशभारत। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्मशान भूमि के पास एक युवक के साथ मारपीट कर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की रिपोर्ट पर जब पुलिस ने मामला दर्ज किया तो देर रात आरोपियों ने युवक की बड़ी मम्मी के घर के सामने बम पटककर दहशत फैलाई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हडक़म्प की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रामनिवास सिंह वार्ड श्मशान भूमि के पास भट्ठा मोहल्ला निवासी दीपक सिंह परिहार पिता स्व. देवराज सिंह गिल कंसट्रक्शन कंपनी में सुपरवाईजर की नौकरी करता है और रक्षाबंधन की छुट्टी में घर आया था। बताया जाता है कि रविवार की दोपहर 2 बजे घर का सामान लेकर श्मशान भूमि के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अर्जुन डुमार और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और उससे शराब पीने के लिए रूपए मांगे। दीपक ने जब रूपए देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने चाकू अड़ाकर उसके पास जेक में रखे 2700 रुपये लूट लिए। बदमाशों ने दीपक के साथ साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बताया जाता है कि घटना के बाद रात करीब 11 बजे युवक ने अपने साथ हुई वारदात की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। रंगनाथरगर पुलिस ने दीपक सिंह परिहार की रिपोर्ट पर अर्जुन उर्फ पुड़ी, समीर वंशकार उसके अन्य साथियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (बी), 119 (1), 309 (4) 351 (2) 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों पर मामला दर्ज
बताया जाता है कि दोपहर में हुई वारदात की रिपोर्ट रंगनाथ नगर थाने में होने की खबर मिलते ही आरोपियों ने फरियादी दीपक सिंह परिहार की बड़ी मम्मी लीला बाई के घर के सामने शाम करीब साढ़े 7 बजे बम पटककर दहशत फैलाई। इस घटना की रिपोर्ट दीपक सिंह परिहार के भाई विक्रम सिंह ने रंगनाथ नगर थाने में दर्ज कराई। शिकायत में विक्रम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह शाम को अपनी बड़ी मम्मी लीलाबाई के घर गया था। इसी दौरान अर्जुन डुमार, समीर वंशकार और उसके अन्य साथियों ने घर के सामने बम पटक दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की रिपोर्ट देर रात थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने विक्रम सिंह की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 (जी) के तहत मामला दर्ज किया है।
आपसी विवाद पर भिड़े दो पक्ष
रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धाऊ चक्की रोड पर आपसी विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। रंगनाथनगर पुलिस ने दोनों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरगवां निवासी कौआ उर्फ रवि गौड़ के साथ अजय कोल ने मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष के बंधवा टोला निवासी अजय गौड़ ने शिकायत में रवि गौड़ और रमजानी पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों मामलों को जांच में लिया है।






