दहशत फैलाने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस : शांति व सद्भावना के लगवाए नारे

दमोहl शहर के खजरी मोहल्ले में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वाले आरोपियों को दमोह पुलिस ने उसी मोहल्ले में ले जाकर कड़ा सबक सिखाया है।
जुआ खेलने से मना करने पर उत्पात मचाने वाले इन बदमाशों का पुलिस ने सड़क पर जुलूस निकाला और उनसे शांति व सद्भावना के नारे लगवाए।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दमोह के खजरी मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोहल्ले में बैठकर जुआ खेल रहे थे। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और उन्हें जुआ खेलने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए। गुस्से में आकर उन्होंने मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया, पत्थरबाजी की और वहां खड़े एक वाहन में बुरी तरह तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था
घटना की सूचना मिलते ही दमोह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। बदमाशों के मन से बेखौफ होने का भ्रम तोड़ने और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास जगाने के लिए पुलिस ने उनका सरेआम जुलूस निकाला।
सामने आए वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को सड़क पर पैदल घुमाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी उन्हें जोर-जोर से बोलने का निर्देश दे रहे हैं ताकि पूरा मोहल्ला उनकी आवाज सुन सके। पुलिस के खौफ में आरोपी चलते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं कि वे आगे से कोई अपराध नहीं करेंगे।
दमोह पुलिस की इस कार्रवाई का सीधा उद्देश्य अपराधियों के हौसले पस्त करना है। जिस जगह पर बदमाशों ने पत्थरबाजी कर खौफ पैदा करने की कोशिश की थी, उसी जगह पर सरेआम उनसे ‘शांति और भाईचारे’ के नारे लगवाकर पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि शहर में किसी भी तरह की गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







