मध्य प्रदेशराज्य

दमोह-जबलपुर फोरलेन परियोजना : क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

दमोह। दमोह से जबलपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को टू-लेन से फोरलेन में परिवर्तित किए जाने का श्रेय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से हुई मुलाकातों और लगातार किए गए प्रयासों को देते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद राहुल सिंह लोधी ने बताया कि दमोह-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पहले टू-लेन था, लेकिन केंद्र सरकार के सहयोग और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप इसे फोरलेन में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने कहा कि सिंग्रामपुर क्षेत्र में लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है। इससे न केवल सड़क यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि वन्यजीवों के आवागमन को भी सुविधा मिलेगी। एलिवेटेड मार्ग के नीचे से वन्यजीव आसानी से गुजर सकेंगे, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना भी कम होगी।

सांसद लोधी ने बताया कि बकस्वाहा की ओर से आने वाले मार्ग, मुख्यमंत्री द्वारा एमपीआरडीसी को स्वीकृत लगभग 74 किलोमीटर लंबे सागर-दमोह मार्ग तथा जबलपुर-सागर फोरलेन को एकीकृत रूप से जोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत वाहनों को मार्ग बदलने या नीचे उतरने की आवश्यकता नहीं होगी और यातायात सीधे एक-दूसरे से जुड़ सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना एक सर्किल के रूप में विकसित होगी, जिससे दमोह, सागर, जबलपुर और बकस्वाहा सहित आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक आसान और तेज होगा। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

 

बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, सड़क निर्माण परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button