ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की चार्जशीट दाखिल, पति और सास पर गंभीर आरोप 636 पन्नों के आरोपपत्र में दहेज मृत्यु, क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप करीब 150 गवाहों के बयान दर्ज

ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की चार्जशीट दाखिल, पति और सास पर गंभीर आरोप
636 पन्नों के आरोपपत्र में दहेज मृत्यु, क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप करीब 150 गवाहों के बयान दर्ज
भोपाल, यश भारत। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भोपाल की विशेष अदालत में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उसकी सास सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया है। दोनों पर दहेज मृत्यु क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में आरोप लगाए गए हैं। CBI के अनुसार जांच के दौरान करीब 150 लोगों के बयान दर्ज किए गए और मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक व फॉरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच की गई। आरोपपत्र में शादी के बाद ट्विशा को कथित रूप से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने तथा दहेज की मांग से जुड़े आरोपों का उल्लेख किया गया है। जबरन गर्भपात कराने के आरोपों की भी जांच में चर्चा की गई है। मामले में दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड ने दोबारा पोस्टमार्टम किया था। फॉरेंसिक रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी से आत्महत्या बताया गया है। CBI ने आरोपी समर्थ सिंह के वॉइस सैंपल और लैपटॉप का पासवर्ड भी जांच के लिए मांगा है।गौरतलब है कि 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में 33 वर्षीय ट्विशा का शव फंदे पर मिला था। प्रारंभ में ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था जबकि मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए थे। जांच CBI को सौंपे जाने के बाद अब चार्जशीट दाखिल होने से मामले की न्यायिक सुनवाई आगे बढ़ेगी।







