ट्रक पलटने से बाइक सवार दंपत्ति की मौत : चालक घायल…. क्षेत्र में हड़कंप

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी–बालाघाट मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक घायल हो गया। यह हादसा ग्राम जेवनारा और पौनार के बीच हिर्री नदी पुल के पास शाम करीब 5 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जन्मखारी निवासी दीपसिंह चौहान (50) अपनी पत्नी दुर्गा बाई चौहान (45) के साथ मोटरसाइकिल से बरघाट में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान बालाघाट की ओर चावल लेकर जा रहा ट्रक खराब सड़क और गहरी पटरी के कारण अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बरघाट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के नीचे दबे दंपत्ति और घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दंपत्ति को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक का उपचार जारी है।
हादसे के बाद ट्रक में भरी चावल की बोरियां सड़क पर बिखर गईं और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि सिवनी–बालाघाट मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। खराब सड़क और गड्ढों के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद मार्ग की मरम्मत और निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। हाल ही में स्थानीय युवाओं और व्यापारियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर बरघाट बंद भी किया था।
लोगों का कहना है कि टोल टैक्स वसूली के बावजूद सड़क की हालत सुधरने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि मृतक के शवों को पोस्टमार्टम बीके लिए भेजा गया है। और मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।







