भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर शिकंजा, 104 मामलों में 35800 रुपए जुर्माना

भोपाल स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर शिकंजा, 104 मामलों में 35800 रुपए जुर्माना

भोपाल, यश भारत। भोपाल रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और यात्री सुविधाओं के अनुकूल बनाए रखने के लिए रेलवे का स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। यात्रियों को जागरूक करने के साथ स्टेशन परिसर और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
रेलवे की ओर से स्टेशन पर नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जन विश्वास अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अगस्त माह में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के 104 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में रेलवे ने कुल 35,800 रुपए का जुर्माना वसूला। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों में स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन केवल रेल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें यात्रियों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि मंडल द्वारा स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button