भोपाल नगर निगम मुख्यालय में नाराज कर्मचारी ने महापौर की गाड़ी में लगाई आग, एक झुलसा

भोपाल नगर निगम मुख्यालय में नाराज कर्मचारी ने महापौर की गाड़ी में लगाई आग, एक झुलसा
भोपाल,यशभारत। नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में से एक ने महापौर की गाड़ी में आग लगा दी। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कर्मचारी संगठन से जुड़ा आरोपी कर्मचारी सुनील गायकवाड़ विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अन्य कर्मियों के साथ प्रदर्शन करने मुख्यालय पहुंचा था। इसी दौरान आक्रोश में आकर उसने महापौर के वाहन को आग के हवाले कर दिया।
कर्मचारी ने दिखाई तत्परता, झुलसा
घटना के वक्त वहां मौजूद नगर निगम कर्मचारी राम सिंह यादव ने बिना वक्त गंवाए आग बुझाने का प्रयास किया। उनकी इस तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, आग बुझाने की इस कोशिश में राम सिंह यादव स्वयं झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।
कमिश्नर के कड़े निर्देश, FIR दर्ज करने के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ संबंधित थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रदर्शन के दौरान बनी परिस्थितियों तथा घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।







