ट्रक ने मारी स्कूली बस को ठोकर, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, 5 घंटे तक चकाजाम, तहसीलदार के आश्वासन के बाद शुरू हुआ आवागमन

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रजरवारा नंबर दो में प्रतिबंधित मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार सुबह पत्थरों से लदे तेज रफ्तार ट्रक की स्कूली बच्चों से भरी बस से टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भडक़ उठा और उन्होंने सडक़ पर उतरकर भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया। पत्थरों से लदे ट्रकों की आवाजाही रोकने के लिए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चकाजाम कर दिया। 5 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दोपहर 2 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। क्षेत्रीय ग्रामीण सच्चिदानंद त्रिपाठी ने बताया कि की खदानों से पत्थरों का परिवहन करने वाले ट्रक चालक समय और ईधन बचाने के लिए कम क्षमता वाली ग्रामीण सडक़ का इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि प्रतिबंधित मार्ग होने के बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहन इस रास्ते से गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सडक़ जर्जर होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की कि इस मार्ग से भारी एवं ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो ग्रामीण दोबारा आंदोलन करने को मजबूर हो सकते हैं।







