भोपालमध्य प्रदेश

टूटी पुलिया और गंदगी से परेशान रहवासी, नाले की हालत बनी हादसों का कारण

टूटी पुलिया और गंदगी से परेशान रहवासी, नाले की हालत बनी हादसों का कारण

हनुमानगंज थाने के पीछे वार्ड 18 में लंबे समय से नहीं हुई सफाई और मरम्मत, कई लोग हो चुके हैं हादसों का शिकार

भोपाल, यश भारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना के पीछे स्थित वार्ड क्रमांक 18 के जोन नंबर 4 में नाले की बदहाल स्थिति स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। यहां नाले में भारी मात्रा में कचरा जमा होने से गंदगी और बदबू फैल रही है, वहीं नाले पर बनी पुलिया टूट जाने से दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई लंबे समय से नहीं की गई है। नाले में कचरा और गंदगी जमा होने के कारण आसपास के क्षेत्र में तेज बदबू फैल रही है और कई बार जलभराव की स्थिति भी बन जाती है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों के अनुसार नाले पर बनी पुलिया काफी समय पहले टूट चुकी है, जिससे आने-जाने में खतरा बना रहता है। कई बार लोग अंधेरे या लापरवाही के कारण फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थान विशेष रूप से जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि सफाई और मरम्मत के अभाव में समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button