जबलपुर के तिलवारा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन नर्मदा पुल का हिस्सा गिरा, एक मजदूर की मौत, कई घायल

जबलपुर, यश भारत। संस्कारधानी के तिलवारा क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण हादसा हो गया, जहाँ निर्माणाधीन नर्मदा पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। रात करीब 9:30 बजे हुए इस हादसे में वहां काम कर रहे एक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं।
घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। मलबे के नीचे कुछ और कर्मचारियों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा पुल निर्माण कार्य के दौरान हुआ। इस बड़ी लापरवाही के बाद अब निर्माण ठेकेदार द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की गहन जांच कर रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।







