जनकल्याण शिविरों में उमड़ी लोगों की भीड़ 9341 आवेदन प्राप्त, 9181 का मौके पर हुआ निराकरण
Crowds throng public welfare camps 9,341 applications received; 9,181 resolved on the spot

जनकल्याण शिविरों में उमड़ी लोगों की भीड़ , 9341 आवेदन प्राप्त, 9181 का मौके पर हुआ निराकरण
भोपाल, यश भारत। नगर निगम भोपाल द्वारा सोमवार को आयोजित जनकल्याण शिविरों में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। निगम के सभी 21 जोन कार्यालयों निगम मुख्यालय अटल भवन के नगर जनसेवा केंद्र तथा विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए विशेष शिविरों में कुल 9341 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 9181 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वार्ड क्रमांक 51 के ए सेक्टर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित विशेष शिविर का शुभारंभ महापौर मालती राय ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संवाद किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक त्वरित गति से पहुंचाया जाए। वहीं तात्याटोपे नगर स्थित सांदीपनि स्कूल में आयोजित शिविर का शुभारंभ विधायक भगवानदास सबनानी ने किया और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए। शिविरों में पेंशन योजनाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पीएम स्वनिधि संबल कार्ड श्रम कार्ड, मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना अनुग्रह सहायता योजना लाड़ली लक्ष्मी योजना किसान क्रेडिट कार्ड सहित नगर निगम एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। निगम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविरों का निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। नगर निगम ने बताया कि जनकल्याण शिविरों का आयोजन मंगलवार को भी जारी रहेगा। 16 जून को सभी जोन कार्यालयों और अटल भवन में शिविर लगेंगे जबकि गोविंदपुरा विधानसभा के बरखेड़ा पठानी और उत्तर विधानसभा के बरेला गांव में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।







